रायगढ़ में 23 अक्टूबर को होगा ‘युवा उड़ान 2026’ कार्य क्रम
रायगढ़, 21 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में युवाओं को विकसित भारत @2047 के विजन से जोड़ने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायगढ़ में 23 अक्टूबर 2026 को ‘युवा उड़ान कार्यक्रम-2026’ का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम शुक्रवार को प्रातः 11 बजे संत बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, रायगढ़ में होगा। कार्यक्रम की थीम ‘युवाओं से संवाद, विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प’ है।
शासन की योजनाओं और विकास के मुद्दों पर होगी परिचर्चा
युवा उड़ान कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं, युवा हितैषी पहलों और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही ‘विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत’, ‘एक देश-एक चुनाव’ तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। आमंत्रित विषय विशेषज्ञ युवाओं के साथ अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही युवाओं को संवाद, प्रश्नोत्तर और अपने सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
विभिन्न क्षेत्रों के युवा होंगे सहभागी
कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की सहभागिता पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसमें विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त कला, साहित्य, संस्कृति एवं खेल के क्षेत्र में प्रतिभा दिखाने वाले युवा, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, दिव्यांगजन तथा अन्य वर्गों के युवाओं की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, विचारों और रचनात्मक ऊर्जा को जिले एवं प्रदेश के विकास से जोड़ना है। इसके माध्यम से युवाओं को अपने विचार रखने, सवाल पूछने तथा विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा में भाग लेने का मंच मिलेगा।
युवाओं के सुझावों को मिलेगा महत्व
कार्यक्रम के दौरान युवाओं से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों एवं निष्कर्षों का संकलन कर प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा। इसे आगामी नीतिगत क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग को प्रेषित किया जाएगा। इससे युवाओं की आकांक्षाओं और विचारों को विकास की नीतियों से जोड़ने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
ऑनलाइन पंजीयन के लिए आधिकारिक वेबसाइट
कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक युवा छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://yuvaayog.cg.gov.in पर जाकर पंजीयन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना पंजीयन करा सकते हैं।