जिले में 28-29 अक्टूबर को अत्यधिक भारी वर्षा एवं तेज हवाओं की चेतावनी
मुंगेली, 26 अक्टूबर 2026/sns/- मौसम विभाग द्वारा 29 अक्टूबर को मुंगेली जिले में अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक एवं तेज हवाएं चलने की संभावना के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि गरज-चमक एवं आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदान, ऊच स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के दौरान जर्जर भवनों, कमजोर मकानों, बिजली के खंभों, विद्युत तारों, पेड़ों एवं होर्डिंग के आसपास न रहें। नागरिक मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों और अपुष्ट जानकारी पर विश्वास करने से बचें।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि खराब मौसम, तेज हवाओं एवं आकाशीय बिजली की संभावना के दौरान खेतों और खुले स्थानों में काम करने से बचें। किसान खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें। पक चुकी धान, दलहन एवं तिलहन फसलों की कटाई मौसम की स्थिति को देखते हुए टालें तथा पहले से कटी हुई फसलों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर रखें। पशुपालक पशुओं को सुरक्षित एवं आश्रययुक्त स्थान पर रखें तथा उनके लिए पर्याप्त सूखे चारे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आम नागरिक किसी भी आपात स्थिति में 07755-264440 पर संपर्क कर सकते हैं।