कानून व्यवस्था बनाए रखने समन्वय के साथ करें कार्य: कलेक्टर

मुंगेली, 26 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने जिले में कानून व्यवस्था के संबंध में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में बैठक ली। बैठक में जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, आगामी धान खरीदी की तैयारियों, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करें। किसी भी परिस्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या संभावित अप्रिय स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

धान खरीदी व्यवस्था में न हो किसी प्रकार की बाधा

 आगामी धान खरीदी सीजन को ध्यान में रखते हुए बैठक में खरीदी व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी केन्द्र में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। किसानों को धान विक्रय के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े तथा खरीदी प्रतिव्यवस्थित तरीके से संचालित हो, इसके लिए समयबद्ध तैयारी और सतत निगरानी आवश्यक है। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के संबंध में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नेशनल हाईवे पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने पर रोक लगाई जाए। सड़क किनारे या अन्य प्रतिबंधित स्थानों पर वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से ही कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सकता है। अधिकारियों को यातायात व्यवस्था पर नियमित निगरानी रखने, वाहन चालकों को आवश्यक समझाइश देने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर, श्री प्रशांत शुक्ला, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, लोरमी एसडीएम श्री अभयजीत सिंह मंडावी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author