निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण: कलेक्टर श्री तोपनो
मुंगेली, 26 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में मुख्य नगरपालिका अधिकारियों, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं के साथ प्रगतिरत, लंबित एवं अप्रारंभ निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं को समय रहते चिन्हांकित कर संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि कार्यों की गति प्रभावित न हो।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि अधिकारी कार्यों के क्रियान्वयन में गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि स्वीकृत योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।