मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन 30 अक्टूबर तक

मुंगेली, 26 अक्टूबर 2026/sns/- जिले के प्रतिभावान एवं निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना शिक्षण सत्र 2026-27 के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि शिक्षण सत्र 2026-27 में आईआईटी, एम्स, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस, एनआईटी, आईआईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित पात्र विद्यार्थी 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित प्रपत्र में ऑफलाइन आवेदन कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, मुंगेली में स्वयं उपस्थित होकर अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय से अथवा विभागीय पोर्टल https://eklavya.cg.nic.in/ से प्राप्त किया जा सकता है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना आवश्यक है। साथ ही, विद्यार्थी का छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अधिसूचित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल होना चाहिए। संबंधित प्रतिष्ठित संस्थान में चयनित होने की पात्रता के साथ चयन का प्रमाण-पत्र तथा प्रवेश के लिए संस्थान द्वारा जारी सूचना-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के आश्रित इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे, हालांकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चे योजना का लाभ ले सकेंगे।

About The Author