प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश की चतुर्थ काउंसलिंग की मेरिट सूची जारी
महासमुंद, 27 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ काउंसलिंग की मेरिट सूची जारी कर दी गई है। चतुर्थ काउंसलिंग के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट क्रम में चयनित विद्यार्थियों की सूची विभागीय वेबसाइट पर प्रदर्शित की गई है। संबंधित विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in के माध्यम से चयन सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास शिल्पा साय ने बताया कि चयनित छात्र-छात्राओं को निर्धारित काउंसलिंग तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को कक्षा आठवीं में प्रथम श्रेणी अर्थात 60 प्रतिशत अंक के साथ उत्तीर्ण होने की अंकसूची प्रस्तुत करनी होगी। इसके अतिरिक्त, लागू होने की स्थिति में पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रवेश की पात्रता होने पर विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। इसके साथ ही जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना भी आवश्यक है। विद्यार्थियों को आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में ही प्रवेश लेना होगा। चयनित प्रयास आवासीय विद्यालयों में संस्था परिवर्तन का प्रावधान नहीं होगा। सभी चयनित विद्यार्थी निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होकर प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करें।