कलेक्टर श्री अमित कुमार और एसपी श्री मयंक गुर्जर ने किया मैराथन दौरा

सुकमा, 28 अक्टुबर 2026/sns/-जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण और शासकीय व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का संयुक्त मैदानी दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, नागरिक सेवाओं की उपलब्धता, आपदा प्रबंधन की तैयारियों, छात्रावास की व्यवस्थाओं, विद्युत आपूर्ति और धान खरीदी केंद्र की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
संभावित ‘अर्नब’ तूफान के मद्देनजर जिला प्रशासन की सतर्कता और आपदा प्रबंधन तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर-एसपी ने कोंटा स्थित आईटीआई और रेस्ट हाउस में स्थापित बाढ़ एवं आपदा राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को सतत मुस्तैद रहने तथा राहत एवं बचाव के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए। वहीं, सीआरपीएफ कैंप रामाराम में निर्माणाधीन ‘सेवा डेरा’ के कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूर्ण करने को कहा। कोंटा एसडीएम कार्यालय के सिंगल विंडो कक्ष में नागरिकों से संवाद कर पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं एसपी श्री मयंक गुर्जर ने पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास, कोंटा पहुंचकर कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। कलेक्टर ने उनकी पढ़ाई, तिमाही परीक्षा के परिणाम और दैनिक अध्ययन की दिनचर्या की जानकारी लेते हुए नियमित अध्ययन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा जीवन में सफलता की मजबूत नींव है। साथ ही, विद्यार्थियों को शासन की ओर से उच्च शिक्षा, आवास एवं भोजन की उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘क्षितिज कोचिंग’ का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। एसपी ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, अनुशासन और एकाग्रता के साथ मेहनत करने तथा शिक्षा के साथ खेलकूद में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की सलाह दी। अधिकारियों ने छात्रावास के मेस सचिव एवं विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता, मीनू और दैनिक सुविधाओं की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
विकास कार्यों की समीक्षा के क्रम में कलेक्टर एवं एसपी ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के तहत बंडा में नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को चारों फीडर शीघ्र चालू करने के निर्देश दिए, ताकि वनांचल क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को बेहतर और निर्बाध बनाया जा सके। इसके पश्चात अधिकारियों ने पोषण पुनर्वास केंद्र, कोंटा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा धान खरीदी केंद्र, कोंटा का औचक निरीक्षण किया। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
आपदा प्रबंधन से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य-पोषण, विद्युत अधोसंरचना और कृषि उपज खरीदी तक विभिन्न व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, शासकीय सेवाओं की पारदर्शिता और नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, स्थानीय समस्याओं का प्रभावी समाधान हो और सुकमा के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी विकास की रोशनी निरंतर पहुंचे। इस दौरान एसडीएम कोंटा सुश्री निधि प्रधान, सीएसईबी के कार्यपालन अभियंता श्री सौरभ विश्वकर्मा, जिला खाद्य अधिकारी श्री रवि कोमरा एवं एसी ट्राइबल श्री हेमंत सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author