निराकरण फाइलों में नहीं, धरातल पर दिखे कार्यवाही: कलेक्टर

मुंगेली, 03 नवंबर 2026/sns/- आम नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया केवल कागजों और फाइलों तक सीमित न रहे, की गई कार्यवाही का असर धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन में शिकायत और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त आवेदन को गंभीरता से लेते हुए वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में दिए।
कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विवादित एवं अविवादित सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामले सीधे आम नागरिकों और किसानों के हितों से जुड़े होते हैं, इसलिए इनमें अनावश्यक विलंब, लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में कोताही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने तथा आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जाति प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं धान खसरा पॉलीगॉन जनरेशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा सर्वे में शुद्धता, पारदर्शिता एवं गंभीरता बनाए रखने के निर्देश दिए। विभिन्न प्राधिकरणों के अंतर्गत स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
कलेक्टर श्री तोपनो ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा के प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका प्राथमिकता से निराकरण करें। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शासन की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। बैठक में डीएफओ श्री तन्मय कौशिक, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, लोरमी एसडीएम श्री अभयजीत सिंह मंडावी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author