सीआरपीएफ 226 बटालियन बनी निक्षय मित्र
सुकमा, 09 मई 2026/sns/- जिला सुकमा में केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय निक्षय निरामय 2.0 कार्यक्रम लगातार प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सीआरपीएफ 226 बटालियन के जवानों ने निक्षय मित्र बनकर अपना पंजीयन कराया और जिले के 15 टीबी मरीजों को 6 माह का पोषण आहार प्रदान किया। यह पहल प्रशासन की सक्रियता और जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य टीबी मरीजों को उच्च पोषण आहार उपलब्ध कराकर उपचार को अधिक प्रभावी बनाना तथा उन्हें शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता प्रदान करना है। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री एच.पी. सिंह (यूनिट कमांडेंट, 226 बटालियन) ने की। मंच पर यूनिट से असिस्टेंट कमांडेंट श्री जी. नबी एवं डॉ. बी. नागमणी (एसएमओ/डीसी) उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, कार्यक्रम समन्वयक मुकेश रॉय एवं जिला टीबी/एचआईवी समन्वयक जयनारायण सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस सफल आयोजन में यूनिट हॉस्पिटल स्टाफ 226 सुकमा का योगदान सराहनीय रहा। प्रशासन द्वारा किए जा रहे इस प्रयास से जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती मिल रही है और समाज में जनभागीदारी बढ़ रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर निक्षय मित्र बनें और टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग करें। निक्षय मित्र बनने हेतु नागरिक जिला क्षय उन्मूलन केंद्र, सुकमा में संपर्क कर सकते हैं।