स्वच्छ गाँव – स्वच्छ जीवन अभियान

मुंगेली, 20 मई 2026/sns/- ग्रामीण स्वच्छता को नई दिशा देने और गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला पंचायत सभाकक्ष में ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। स्वच्छ गाँव-स्वच्छ जीवन थीम पर आधारित इस कार्यशाला में जिले की ग्राम पंचायतों में वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित कचरा प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में कचरे के निपटान के लिए आधुनिक और वैज्ञानिक प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे गांवों का वातावरण स्वच्छ और सुरक्षित बनेगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुंगेली श्री प्रभाकर पाण्डेय ने तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान की सफलता जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी। उन्होंने विकासखंड एवं जिला समन्वयकों को निर्देशित किया कि वे ग्राम पंचायतों में जाकर ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्कीकरण, कम्पोस्टिंग और स्वच्छता प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों के प्रति जागरूक करें। कार्यशाला में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद अध्यक्ष पथरिया श्रीमती चितरेखा मनीष जांगड़े तथा जिला पंचायत सभापति श्री उमाशंकर साहू ने भी ग्रामीण स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप संचालक पंचायत, जिला एवं विकासखंड समन्वयक, जनप्रतिनिधि तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की टीम ने सक्रिय सहभागिता की। जनपद सदस्य श्री पवन पाण्डेय, लोरमी जनपद उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र साहू, सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यशाला के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में “स्वच्छ गाँव – स्वच्छ जीवन” अभियान को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ लागू करने का संकल्प लिया।

About The Author