दवा व्यापार बंद के बावजूद आवश्यक दवाओं की उपलब्धता होगी सुनिश्चित

मुंगेली, 20 मई 2026/sns/- ऑनलाइन औषधियों की बिक्री के विरोध में विभिन्न केमिस्ट संगठनों द्वारा 20 मई 2026 को प्रस्तावित एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आमजनों एवं मरीजों की सुविधा हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई हैं। कलेक्टर ने जिले में आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं आपातकालीन स्थिति में मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक संचालक ने बताया कि राज्य शासन के निर्देश पर जनऔषधि केंद्रों धन्वंतरि मेडिकल स्टोर्स, शासकीय चिकित्सालयों तथा नर्सिंग केंद्रों के माध्यम से आवश्यक दवाओं की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को समझाइश दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से दवाओं का संग्रहण न करें। जिन मरीजों को नियमित दवाओं की आवश्यकता होती है, वे चिकित्सकीय परामर्श अनुसार आवश्यक दवाएं पूर्व में प्राप्त कर सुरक्षित रख सकते हैं। आपातकालीन स्थिति में शासकीय अस्पतालों, जनऔषधि केंद्रों एवं अन्य उपलब्ध औषधि केंद्रों से दवाएं प्राप्त की जा सकेंगी। जनस्वास्थ्य एवं मरीजों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

About The Author