गंगालूर आवापल्ली दौरे पर कलेक्टर विश्वदीप
बीजापुर, 19 जून 2026/sns/-कलेक्टर श्री विश्वदीप ने गुरुवार को गंगालूर एवं आवापल्ली क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विभिन्न शासकीय संस्थानों, निर्माणाधीन भवनों तथा जनसुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आमजन को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
दौरे की शुरुआत गंगालूर स्थित पोटाकेबिन के निरीक्षण से हुई, जहां कलेक्टर ने आगामी शिक्षा सत्र प्रारंभ होने से पूर्व विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने निर्माणाधीन तहसील कार्यालय गंगालूर का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र गंगालूर तथा आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित गंगालूर का अवलोकन कर सहकारी गतिविधियों एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों के हितों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने पर बल दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगालूर पहुंचकर कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुसनार (गंगालूर) स्थित प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, विद्यालयी गतिविधियों एवं उनके भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात मुदवेंडी में कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चैबे ने नव-निर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को और सुदृढ़ बनाएगी।
आवापल्ली में सहकारी बैंक के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बैंकिंग सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैंक परिसर में शीघ्र एटीएम मशीन स्थापित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुगम बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
कलेक्टर श्री विश्वदीप का यह दौरा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सहकारिता तथा आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उनके निरीक्षण एवं निर्देशों से विभिन्न विकास कार्यों और जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।