सौर सुजला योजना से बदली किसान सुखनाथ सिंह की खेती की तस्वीर समय पर सिंचाई से बढ़ा उत्पादन
अम्बिकापुर, 15 जुलाई 2026/sns/- राज्य शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ अब ग्रामीण अंचलों में किसानों को जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत सुखरी के किसान श्री सुखनाथ सिंह भी ऐसे ही लाभान्वित किसानों में शामिल हैं, जिनके जीवन में कृषि विभाग की सौर सुजला योजना के सकारात्मक बदलाव लाया है।
श्री सुखनाथ सिंह ने बताया कि उन्हें कृषि विभाग के माध्यम से सौर सुजला योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा संचालित सिंचाई सुविधा एवं बोरवेल का लाभ प्राप्त हुआ है। इस योजना से खेतों की समय पर सिंचाई संभव हो रही है, जिससे खेती पहले की तुलना में अधिक सुगम और लाभकारी बन गई है। उन्होंने बताया कि सिंचाई की पर्याप्त सुविधा मिलने के कारण अब वे नियमित रूप से साग-सब्जियों की खेती कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि उनके पास लगभग 5 एकड़ कृषि भूमि है। कृषि विभाग के सहयोग से उपलब्ध सिंचाई सुविधाओं का भी उन्हें लाभ मिल रहा है, जिससे पूरे रकबे में बेहतर ढंग से खेती कर पा रहे हैं। पहले जहां सिंचाई के अभाव में खेती सीमित रहती थी, वहीं अब फसलों का उत्पादन बढ़ा है और सालभर कृषि गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
किसान श्री सुखनाथ सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं के कारण खेती आसान हुई है और आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के हित में संचालित योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
जिला प्रशासन किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं के लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित कर रहा है। ताकि आधुनिक तकनीक एवं सिंचाई सुविधाओं के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि हो और उन्हें आत्मनिर्भर बन सके।