मकान निर्माण में बाधा व बैंक खाता बंद होने की शिकायत महिला ने जनदर्शन में दिया आवेदन

दुर्ग, 15 जुलाई 2026/sns/- जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन ने जनदर्शन कार्यक्रम  में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर श्री प्रफुल्ल गुप्ता भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 121 आवेदन प्राप्त हुए।
इसी कड़ी में ग्राम पुरई निवासी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण में बाधा डालने तथा बैंक खाता बंद होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से शासकीय आबादी भूमि पर परिवार सहित निवास कर रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम होने के कारण वह पक्का मकान बनवाना चाहती हैं, लेकिन सरपंच द्वारा मौखिक आपत्ति कर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। साथ ही उनका बैंक खाता भी बंद हो गया है, जिससे महतारी वंदन योजना और पेंशन की राशि पिछले दो-तीन माह से नहीं मिल पा रही है। मकान निर्माण रुकने और आर्थिक सहायता नहीं मिलने से उनका परिवार मानसिक एवं आर्थिक परेशानी का सामना कर रहा है। इस पर अपर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दुर्ग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
ग्राम सेलूद निवासी ने अपर कलेक्टर को आवेदन देकर भारतमाला परियोजना के तहत अधिग्रहित अपनी भूमि का मुआवजा अब तक नहीं मिलने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित कार्यालयों और एसडीएम कार्यालय में आवेदन देने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ है। शिकायतकर्ता ने कहा कि मुआवजा नहीं मिलने से परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहा है। इस पर अपर कलेक्टर ने एसडीओ पाटन को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
मजदूर संघ ने बोरई गोदाम में सड़क मरम्मत और पेयजल व्यवस्था की मांग की। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे ट्रकों की आवाजाही और चावल के भंडारण व उठाव का कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे मजदूरों के रोजगार पर भी असर पड़ रहा है। इस पर अपर कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी मार्कफेड को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही को कहा। ग्राम बोडेगांव निवासी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि पिछले तीन वर्षों से बंद होने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि पिता के निधन के बाद उन्हें योजना का लाभ मिल रहा था, लेकिन पिछले तीन वर्षों से भुगतान बंद है। इस संबंध में कृषि विभाग में भी आवेदन दिया था। किसान सम्मान निधि की लंबित एवं आगामी किस्तों का भुगतान शीघ्र शुरू कराने की मांग की। इस पर अपर कलेक्टर ने कृषि विभाग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

About The Author