नशामुक्त युवा विकसित भारत का संकल्प

मुंगेली, 03 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” जिला स्तरीय प्रतियोगिता-2026 का आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल सभा भवन, मुंगेली में किया गया। मेरा युवा भारत मुंगेली, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा दीनबंधु सहयोग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं युवा संगठनों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में संगीत (लोकगीत), विषयगत नृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं माइम एक्ट, चित्रकला, वाद-विवाद एवं भाषण, लघु फिल्म एवं रील निर्माण, नारा लेखन तथा स्लैम पोएट्री सहित आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त समाज के महत्व को प्रभावी ढंग से सामने रखा। प्रत्येक विधा में विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा निष्पक्ष मूल्यांकन के बाद प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का चयन किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला मुंगेली का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतिभागियों अंतर्गत चित्रकला में कुमारी अंजली रात्रे, नारा लेखन में मोनिका मिरी, स्लैम पोएट्री में अंकित नायक, नुक्कड़-नाटक कुसुम एंड ग्रुप, नृत्य में बमलेश्वरी एंड ग्रुप, रील एवं शॉर्ट फिल्म में लोकेन्द्र बंजारा, संगीत (लोकगीत) में दुर्गा रानी जायसवाल और वाद-विवाद में पूर्णिमा जायसवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन में जिला पंचायत सीईओ ने उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” की शपथ दिलाई। युवाओं ने नशे से दूर रहने, समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के उपनिदेशक श्री नितिन शर्मा, एनएसनएस जिला समन्वयक डॉ. एन.के. पुरले, एनसीसी अधिकारी श्री रवीराज आडिल सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, निर्णायक, स्वयंसेवक, प्रतिभागी एवं युवा उपस्थित रहे।

About The Author