सुकमा में जनकल्याणकारी योजनाओं का जागरूकता रथ रवाना
सुकमा, 22 अगस्त 2026/sns/- जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए शनिवार को विशेष जागरूकता रथ रवाना किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय सुकमा से रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस पहल का उद्देश्य जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों में रहने वाले पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ से जोड़ना है।
जागरूकता रथ के माध्यम से मिशन वात्सल्य, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर और मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना सहित विभाग की प्रमुख योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीणों तक सरल भाषा में पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के लिए महिला बाल विकास अधिकारी श्री रितीश टंडन, नगरपालिका अध्यक्ष श्री हूँगाराम मरकाम, उपाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी यादव, जनपद पंचायत सुकमा की उपाध्यक्ष श्रीमती रीना पेड्डी, पार्षद उर्मिला मंडावी और रमेश कर्मा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंतिम छोर तक पहुंचे योजनाओं का लाभकृयही इस अभियान की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जागरूकता रथ सुदूर गांवों तक पहुंचकर महिलाओं, बच्चों और परिवारों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही जानकारी के अभाव में कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।