जल जीवन मिशन से बदली ग्राम कुकुरहट्टा की तस्वीर

मुंगेली, 27 अगस्त 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा हैं। इसी क्रम में लोरमी विकासखंड के ग्राम कुकुरहट्टा में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में सुविधा और राहत की नई धारा बहाई है। कभी गर्मी के दिनों में पानी के लिए इधर-उधर भटकने और दूसरे घरों का दरवाजा खटखटाने वाले ग्रामीणों को अब घर में ही नल से नियमित स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे पेयजल की समस्या दूर होने के साथ-साथ महिलाओं के समय और श्रम की भी बचत हो रही है। लगभग 609 की आबादी वाले कुकुरहट्टा में ग्रामीण पहले पेयजल के लिए 07 हैंडपंपों पर निर्भर थे। गर्मी के दिनों में जलस्तर नीचे चले जाने से कई हैंडपंपों से पानी मिलना बंद हो जाता था। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था। कई बार घरेलू जरूरत पूरी करने के लिए उन्हें दूसरे लोगों के घरों से पानी मांगना पड़ता था। पानी की व्यवस्था में ही दिन का काफी समय और श्रम खर्च हो जाता था।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में पाइपलाइन का विस्तार कर घर-घर नल कनेक्शन प्रदान किए गए। अब ग्रामीण परिवारों को उनके घर पर ही नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान से ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। ग्राम कुकुरहट्टा के डीलवापारा निवासी चन्द्रिका सोनकर, सुशीला ध्रुव, शांति बाई साहू, चांदनी सोनकर और सीमा ने बताया कि पहले पानी लाने में कई घंटे लग जाते थे। पानी की जरूरत पूरी करने के लिए दूसरे लोगों के घरों तक जाना पड़ता था। अब घर में ही नल से पानी मिलने लगा है, जिससे रोजमर्रा के काम काफी आसान हो गए हैं। नियमित पेयजल उपलब्ध होने से गर्मी के दिनों में होने वाली चिंता भी काफी कम हुई है।
जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन मिलने से कुकुरहट्टा के ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि पहले पानी जुटाना रोज की चुनौती थी, लेकिन अब नल से जल मिलने से जीवन आसान और व्यवस्थित हो गया है। ग्रामीणों ने गांव में घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

About The Author