योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सर्वाेच्च प्राथमिकता
बीजापुर, 01 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समय-सीमा के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करने और समस्याओं का विभागीय समन्वय से तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
हितग्राहीमूलक योजनाओं में गति लाने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत कार्यों को तय समय में पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने हितग्राहियों से सतत संपर्क रखते हुए आवास निर्माण में आ रही अड़चनों का समाधान करने के निर्देश दिए। पूर्ण आवासों के हितग्राहियों को पात्रतानुसार अन्य शासकीय योजनाओं से जोड़ने को भी कहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास एवं रोजगारमूलक कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने को कहा।
आवासीय संस्थानों की व्यवस्थाओं की नियमित जांच
कलेक्टर ने आश्रम, छात्रावास और आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। नामजद अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान भोजन, पेयजल, स्वच्छता, आवास, विद्युत, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति जांचने को कहा।
उन्होंने विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कमी पाए जाने पर संबंधित विभाग को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए। परिसर में जलभराव और मच्छरों के प्रजनन की स्थिति रोकने के लिए नियमित साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
मैदानी निगरानी और जवाबदेही पर जोर
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल कागजी प्रगति से नहीं, बल्कि उनके वास्तविक लाभ से तय होती है। अधिकारी नियमित मैदानी भ्रमण कर योजनाओं की स्थिति का आकलन करें और जरूरत के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित थे।