शिक्षक दिवस पर नक्सल हिंसा में मारे गए शिक्षादूतों के परिवारों का सम्मान

सुकमा, 05 सितम्बर 2026/sns/- शिक्षक दिवस के अवसर पर शबरी ऑडिटोरियम सुकमा में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नक्सल हिंसा के शिकार हुए शिक्षादूतों के परिवारों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकुंद ठाकुर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में स्वर्गीय बारसे लक्ष्मण (प्राथमिक शाला मंडीमरका), स्वर्गीय मुचाकी लिंगा (प्राथमिक शाला बैनपल्ली), स्वर्गीय डोडी अर्जुन (प्राथमिक शाला गोंदपल्ली) एवं स्वर्गीय कवासी सुक्का (प्राथमिक शाला ताड़मेटला) के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इन शिक्षादूतों की नक्सल हिंसा में वर्ष 2019 से 2025 के बीच हत्या कर दी गई थी।
सम्मान समारोह के बाद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत सीईओ ने सर्किट हाउस में शिक्षादूतों के परिजनों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से आत्मीयता से बातचीत करते हुए उनकी पारिवारिक परिस्थितियों, आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली। स्वर्गीय बारसे लक्ष्मण की पत्नी श्रीमती शांति कोरसा, स्वर्गीय मुचाकी लिंगा के भाई श्री मुचाकी महेश, स्वर्गीय डोडी अर्जुन की मां श्रीमती डोडी जोगी एवं स्वर्गीय कवासी सुक्का की पत्नी श्रीमती कवासी जोगी से अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से संवाद किया।
यह पहल केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन परिवारों के साथ प्रशासन के मानवीय जुड़ाव को भी सामने लाई, जिन्होंने नक्सल हिंसा में अपने प्रियजनों को खोया। अधिकारियों ने परिवारजनों की बात सुनते हुए आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। शिक्षक दिवस पर आयोजित यह सम्मान उन शिक्षादूतों के योगदान और साहस को स्मरण करने के साथ-साथ उनके परिवारों के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को भी रेखांकित करता है।

About The Author