कलेक्टर ने स्वयं बनाया सिप्रा मंडल का आयुष्मान कार्ड
सुकमा, 04 सितम्बर 2026/sns/- जिले में पात्र नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आयोजित मेगा आयुष्मान कार्ड शिविर अभियान को व्यापक सफलता मिली। बुधवार को जिले में एक ही दिन में 1,280 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इनमें कोंटा विकासखंड के दोरनापाल सेक्टर में 682 तथा सुकमा विकासखंड में 622 आयुष्मान कार्ड शामिल हैं। अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
अभियान की जमीनी स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बुधवार को शहर के विभिन्न वार्डों में आयोजित आयुष्मान कार्ड शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, हितग्राहियों की सुविधा तथा कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उन्हें आयुष्मान भारत योजना के महत्व और इससे मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें अभियान से जोड़ते हुए कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को प्रभावी एवं सुचारू रूप से पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड निवासी सिप्रा मंडल का आयुष्मान कार्ड कलेक्टर ने स्वयं बनाकर अभियान की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष उदाहरण प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने कहा कि आयुष्मान कार्ड पात्र परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए जिले में कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।
मेगा आयुष्मान शिविर अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की दिशा में सक्रिय पहल की जा रही है। एक ही दिन में 1,280 कार्ड का निर्माण अभियान की प्रभावी क्रियान्वयन व्यवस्था और मैदानी स्तर पर प्रशासन की सक्रियता को दर्शाता है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आर्थिक सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर सहित अधिकारियों ने विभिन्न शिविरों का निरीक्षण किया।