शिकायत पर त्वरित कार्यवाही सड़क से हटाया गया कीचड़, ग्रामीणों को मिली राहत
मुंगेली, 15 सितंबर 2026/sns/- आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में पथरिया विकासखंड के ग्राम पेंड्री के सतनामी मोहल्ले में सड़क पर जमा कीचड़ और काई की समस्या का शिकायत मिलते ही समाधान किया गया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिली है। ग्राम पेंड्री के सतनामी मोहल्ले में नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने के कारण सड़क पर कीचड़ और काई जमा हो गई थी। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। समस्या से परेशान गांव निवासी आदित्य पंकज ने संबंधित विभाग के समक्ष इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही जनपद पंचायत पथरिया द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही की गई। संबंधित अमले के माध्यम से सड़क की सफाई कराकर वहां जमा कीचड़ हटाया गया, जिससे मार्ग का आवागमन सुगम हुआ।
समस्या बताई, प्रशासन ने तत्काल कराया समाधान
शिकायत के निराकरण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लिया गया। आदित्य पंकज ने बताया कि सड़क से कीचड़ हट जाने के बाद अब लोगों का आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान और सुरक्षित हो गया है। उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभाग के प्रति संतोष व्यक्त किया। यह पहल स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।
समस्या हो तो मुंगेली मितान से करें संपर्क
किसी भी शासकीय योजना से संबंधित समस्या, जनसुविधा से जुड़ी परेशानी अथवा आपातकालीन स्थिति में नागरिक जिला प्रशासन द्वारा संचालित मुंगेली मितान कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9406275513, 9406275514, 8641002203, 9406275534 एवं 9406275535 पर संपर्क किया जा सकता है।