सेवा संकल्प अभियान: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक
मुंगेली, 16 सितंबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के माध्यम से किया जाएगा।
इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री बी.आर. साव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर मुंगेली में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम की तैयारियों का अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए मंच, दीप प्रज्ज्वलन, बैठक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बी आर साव स्कूल परिसर में जलेंगे 25 हजार दीप
‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री बी आर साव स्कूल परिसर में 25 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। दीपों के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। ग्राम पंचायत स्तर पर भी जनभागीदारी के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज, सीएमओ मुंगेली श्री होरी सिंह ठाकुर और जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, हितग्राही संवाद, जनसेवा गतिविधियां एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।