मद्कू द्वीप में 25 सितंबर को लगेगा रक्तदान एवं मेगा स्वास्थ्य शिविर

मुंगेली, 23 सितंबर 2026/sns/- जिलेवासियों को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 सितंबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत मद्कू द्वीप प्रांगण में रक्तदान शिविर एवं मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया जाएगा। मेगा स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। इसमें नाक-कान-गला, नेत्र रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, त्वचा रोग, दंत रोग, हृदय रोग, शिशु रोग, सिकल सेल एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से अपील की है कि 25 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में मद्कू द्वीप पहुंचकर मेगा स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं, अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा पात्र होने पर रक्तदान कर जनसेवा के इस अभियान में सहभागी बनें। शिविर में चिकित्सा सेवाओं के साथ नागरिकों की सुविधा के लिए आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग प्रमाण-पत्र एवं आभा आईडी से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा बीपी एवं शुगर जांच तथा ब्लड ग्रुप जांच की सुविधा भी रहेगी। इससे नागरिकों को स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज एवं सेवाएं भी एक ही स्थान पर प्राप्त हो सकेंगी। रक्तदान शिविर के माध्यम से नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वस्थ एवं पात्र नागरिक रक्तदान कर इस जनसेवा के कार्य में सहभागी बन सकेंगे। रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

About The Author