सेवा संकल्प अभियान के तहत सिमगा पहुंची सेवा यात्रा,बाइकर्स का हुआ जोरदार स्वागत
बलौदाबाजार, 30 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज सेवा यात्रा के तहत वडनगर से वाराणसी के लिए निकली बाइक रैली बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा पहुंची। सिमगा पहुंचने पर बाइकर्स का स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
सिमगा पुलिस थाना के पीछे स्थित मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 हितग्राहियों को आवास की चाबी एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान हितग्राहियों के चेहरों पर पक्के आवास का सपना पूरा होने की खुशी साफ नजर आई।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्री घनश्याम सोनकर ने आवास की स्वीकृति पत्र मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दिनों में परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उन्हें पक्का मकान मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने उनके पक्के घर के सपने को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है, जिसके लिए वे प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
सेवा यात्रा के माध्यम से जनसेवा और लोककल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को पक्का आशियाना मिलने से उनके जीवन में स्थायित्व और खुशियां आ रही हैं।