सेवा संकल्प अभियान से रोहराखुर्द में हुआ सेवा सेतु शिविर का आयोजन
मुंगेली, 01 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम रोहराखुर्द, विकासखंड मुंगेली में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलन कर किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान विकास कार्यों की सौगात के साथ बड़ी संख्या में हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में बच्चों को अन्नप्राशन कराया तथा महिलाओं को सुपोषण टोकरी का वितरण किया।
विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य जनसमस्याओं को सुनना, उनका समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के साथ सड़क, बिजली, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही जनसेवा की सार्थकता है।
विधायक ने विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका की गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी रामजी का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के साथ गांवों में आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने ग्राम रोहराखुर्द में स्कूल भवन एवं बालिका शौचालय निर्माण तथा चमारी में सीसी सड़क सहित विकास कार्यों की सौगात दी। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, आवागमन एवं बुनियादी सुविधाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता दिए जाने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने कहा की सेवा संकल्प अभियान पूरे देश में 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से अभियान का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का लाभ पर पहुंचना है।
948 नागरिकों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम रोहराखुर्द में आयोजित सेवा सेतु शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। स्वास्थ्य शिविर में कुल 948 मरीजों का पंजीयन कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक जांच उपलब्ध कराई गईं। हृदय रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, नाक-कान-गला, मानसिक रोग, दंत रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग सहित बीपी, शुगर एवं सिकल सेल की जांच के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इस अवसर पर आयुष्मान कार्ड, 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना कार्ड एवं आभा आईडी बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में 65 नागरिकों को आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदना कार्ड का वितरण किया गया। निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 53 नागरिकों ने स्वेच्छा से अंगदान का संकल्प लिया और अन्य नागरिकों को भी अंगदान के लिए प्रेरित किया।
शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को सामाग्री प्रदान कर लाभावित किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत 30 हितग्राहियों को चेक व प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 40 हितग्राहियों को आवास की चाबी, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत 50 हितग्राहियों को शौचालय स्वीकृति प्रमाण पत्र, वीबी रामजी अंतर्गत 12 हितग्राहियों को डबरी स्वीकृति प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन अंतर्गत 10 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, गरीब कल्याण खाद्यान्न योजना अंतर्गत 10 हितग्राहियों को राशन कार्ड, नोनी सुरक्षा अंतर्गत 20 हितग्राहियों को फुटकर मत्स्य विक्रय नाव जल योजना अंतर्गत 05 हतग्राहियों को जाल व आइस बॉक्स, विश्व हितग्राहियों को श्रम कार्ड विश्व हितग्राहियों को फलदार पौधा 15 मेधावी छात्रों को गणवेश वितरण योजना अंतर्गत प्रोत्साहन सामग्री प्रदान और राजस्व विभाग द्वारा 23 हितग्राहियों को पट्टा प्रदान किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, श्री पवन पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।