सेवा संकल्प अभियान के तहत मानपुर में ‘सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित

मोहला, 01 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज विकासखण्ड मुख्यालय मानपुर में ‘सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्ष जनपद पंचायत मानपुर श्रीमती पुष्पा मंडावी शामिल हुई। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों से संवाद किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती पुष्पा मंडावी ने ग्रामीणों से अपील की कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए वे जागरूक होकर आगे आए तथा अपनी मांग एवं समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष बिना किसी संकोच के रखें। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की सेवाएं और योजनाएं लोगों के करीब पहुंचती हैं तथा आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने की बात भी कही।
आयोजित शिविर में जिले एवं विकासखण्ड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने आमजन की मांग, शिकायत एवं समस्याओं को सुना तथा संबंधित प्रकरणों के त्वरित निराकरण की कार्रवाई की। सभी विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग में संचालित योजनाओं, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
इस अवसर पर ‘नमो सेवा गाथा’ कला जत्था द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभ की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवानंद कौशिक, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राधिका अंधारे, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती रेणु टांडिया, जनपद पंचायत सदस्य श्री रविन्द्र मांझी, एसडीएम मानपुर श्री डी.आर. ध्रुव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मानपुर, सहायक आयुक्त श्री संजय कुर्रे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

  • स्वास्थ्य शिविर में 150 से अधिक हितग्राही लाभान्वित

‘सेवा सेतु’ शिविर के साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा विकासखण्ड स्तरीय स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इसमें खून जांच, नेत्र जांच, दंत जांच, फिजियोथेरेपी, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं जन औषधि केंद्र के माध्यम से दवा वितरण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। टीबी मरीजों के लिए निश्चय मित्र किट तथा नवविवाहितों के लिए सास-बहू सम्मेलन किट का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य शिविर में 150 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हुए।

  • हितग्राहियों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र, आवास की चाबी, पेंशन स्वीकृति आदेश एवं बैंक लिंकेज चेक, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा व्हीलचेयर प्रदान की गई।
इसी तरह कृषि विभाग द्वारा किसान समृद्धि योजना का पंजीयन प्रमाण पत्र, आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा अंतरजातीय प्रोत्साहन राशि, विद्युत विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर योजना प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग द्वारा डिजिटल किसान किताब तथा शिक्षा विभाग द्वारा छात्रवृत्ति स्वीकृति आदेश सहित विभिन्न हितलाभ प्रदान किए गए।

About The Author