ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को मिला ड्राइविंग प्रशिक्षण, स्वरोजगार की ओर बढ़े कदम

सुकमा, 03 अक्टुबर 2026/sns/- ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सुकमा में 35 प्रशिक्षणार्थियों को  “सेवा मेरा योगदान“ के अंतर्गत स्वरोजगारपरक ड्राइविंग प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर जिला परिवहन अधिकारी श्री संदीप गुप्ता द्वारा लर्निंग लाइसेंस तथा एलडीएम सुकमा श्री मनीष कुमार कुसरो एवं निदेशक श्री विकास कुमार द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर श्री दिलीप साहू द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर आरसेटी सुकमा के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को वाहन चलाने के व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ यातायात नियमों, सांकेतिक चिन्हों की पहचान, वाहन की तकनीकी जानकारी एवं उसके रख-रखाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्री संदीप गुप्ता ने प्रशिक्षणार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए ड्राइविंग के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने आरसेटी सुकमा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उनके लिए स्वरोजगार हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
इसी क्रम में पूर्व में ड्राइविंग प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके बारसे देवा एवं सोडी केसा को पुलिस लाइन सुकमा पहुंचकर लर्निंग लाइसेंस वितरित किए गए। प्रशिक्षण और लर्निंग लाइसेंस मिलने से ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों की राह खुली है। आरसेटी सुकमा द्वारा संचालित यह पहल युवाओं को हुनर से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है।

About The Author