शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज डिगमा में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

अम्बिकापुर, 13 अक्टूबर 2026/sns/-   सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के प्रचार-प्रसार एवं युवाओं को नवाचार के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सरगुजा द्वारा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, डिगमा, अम्बिकापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी देते हुए नवीन विचारों, रचनात्मक सोच और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को इस चैलेंज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही महाविद्यालय स्तर पर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया गया, ताकि अधिकाधिक युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
इस अवसर पर आयोजित उद्यमिता जागरूकता कार्यशाला में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक श्री अश्विनी शुक्ला एवं सहायक प्रबंधक श्री सूर्योदय कुमार साहू ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसमें प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत मिलने वाले अनुदान, छूट एवं रियायतों, स्टार्टअप और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के संबंध में विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। उन्होंने युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, डिगमा के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम नारायण खरे, एमबीए विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रॉबिन थॉमस, सेवा संकल्प अभियान के समन्वयक डॉ. हरिशंकर चंद्रा तथा इनोवेशन सेल के प्रभारी डॉ. मोहन राव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग 200 से 250 छात्र-छात्राओं के साथ प्राध्यापक एवं अन्य कर्मचारी शामिल हुए।

About The Author