पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य
बलौदाबाजार, 13 अक्टूबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना का लाभ ले रहे जिले के किसानों के लिए भारत सरकार द्वारा एग्री स्टैक पोर्टल में फार्मर आईडी पंजीकरण हेतु निर्देश जारी किए हैं। भारत सरकार और राज्य शासन के आदेशानुसार, पीएम-किसान योजना की आगामी किश्तों के लिए एग्री स्टैक पंजीकरण अनिवार्य किया जा चुका है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि समीक्षा में पाया गया है कि जिले में अभी भी कई किसानों का पंजीकरण होना शेष है। यदि छूटे हुए किसानों ने समय पर अपना डिजिटल पंजीकरण पूर्ण नहीं कराया, तो वे आगामी किश्तों के लाभ से पूरी तरह वंचित हो सकते हैं।
एग्री स्टैक केंद्र सरकार की एक डिजिटल प्रणाली है, जो किसान की भूमि के रिकॉर्ड (खसरा), आधार और मोबाइल नंबर को जोड़कर एक विशिष्ट फार्मर आईडी तैयार करती है। जिले के सभी लंबित किसानों को अवगत कराया गया है कि इस प्रक्रिया को पूर्ण किए बिना उनके खातों में आगामी राशि ट्रांसफर नहीं की जा सकेगी।पंजीयन के लिए आधार कार्ड,भूमि के दस्तावेज मोबाईल नम्बर जरुरी है।
जिला प्रशासन ने सभी शेष किसानों से विशेष अपील की है कि वे किसी भी अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना, चॉइस सेंटरों में जाकर आज ही अपना पंजीयन सुनिश्चित करें ताकि उनकी पीएम-किसान की किश्त निरंतर मिलती रहे।