कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से न रहे वंचित- कलेक्टर
रायगढ़, 13 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी 1,153 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करे। साथ ही, नाम अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर आवश्यक सुधार भी कराएं।
जिले में विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केंद्रों की संख्या में लैलूंगा के 293, रायगढ़ के 262, खरसिया के 299 और धरमजयगढ़ के 299 मतदान केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में सुधार कराने अथवा किसी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिले में 21 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 4 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी सहायता के लिए उपलब्ध हैं। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। नागरिक स्वयं अपना नाम जांचें और अपने आसपास के अन्य पात्र लोगों को भी जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।