एसबीआई आरसेटी में 10 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण सम्पन्न

बलौदाबाजार, 15 अक्टूबर 2026/sns/- भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बलौदाबाजार में आयोजित 10 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन गुरुवार को असेसमेंट एवं समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 34 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षार्थियों का असेसमेंट छत्तीसगढ़ राज्य असेसर अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में किया गया। असेसमेंट टीम में ईडीपी असेसर जय बसुवाराज एवं डोमेन असेसर चूड़ामणि सोनी शामिल रहे। इस दौरान प्रशिक्षार्थियों के प्रशिक्षण से संबंधित ज्ञान, कौशल एवं मशरूम उत्पादन की व्यावहारिक जानकारी का मूल्यांकन किया गया।

समापन समारोह में अग्रणी जिला प्रबंधक शिवकुमार कंवर ने प्रशिक्षार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार एवं आय बढ़ाने का एक बेहतर माध्यम बताया। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उनके द्वारा प्रशिक्षार्थियों को मशरूम बीज का वितरण भी किया गया, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद मशरूम उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ सकें।

इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों को केवरा डनसेना द्वारा मशरूम उत्पादन की विभिन्न तकनीकों, उत्पादन प्रक्रिया एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना, मशरूम उत्पादन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें उद्यमिता के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

About The Author