मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से आत्मनिर्भर बने ताम्रकार पटेल, संवरा अपना भविष्य
कवर्धा 23 अक्टूबर 2026/sns/- कहते हैं कि हुनर और मेहनत से सफलता की राह आसान हो जाती है। इसे सच कर दिखाया है कबीरधाम जिले के ग्राम रेलाई निवासी ताम्रकार पटेल ने। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर उन्होंने अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू किया और आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया।
ताम्रकार पटेल, लोहारा कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान लाइवलीहुड कॉलेज, महाराजपुर के प्रशिक्षक रुपेश चंद्रवंशी एवं काउंसलर ने कॉलेज पहुंचकर युवाओं को कौशल प्रशिक्षण की जानकारी दी। इससे प्रेरित होकर उन्होंने रिटेल सेक्टर के अंतर्गत रिटेल सेल्स एसोसिएट कोर्स में प्रवेश लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने रिटेलिंग, मार्केटिंग, ग्राहक सेवा, बिलिंग और कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी सीखी। प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और खुद का व्यवसाय शुरू करने की राह मिली।
इसके बाद उन्होंने अपने गांव रेलाई में ‘काली सीसीटीवी कैमरा’ नाम से दुकान शुरू की। आज वे इस व्यवसाय से अपने काम के अनुसार प्रतिमाह लगभग 8,000 से 10,000 रुपये तक का लाभ अर्जित कर रहे हैं। इससे वे अपने परिवार को आर्थिक सहयोग दे रहे हैं। ताम्रकार पटेल बताते हैं कि प्रशिक्षण में शामिल होने से पहले उन्हें स्वयं की दुकान शुरू करने और व्यवसाय संचालित करने के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं थी। लेकिन लाइवलीहुड कॉलेज में मिले प्रशिक्षण ने उन्हें व्यवसाय की बारीकियां समझने और आत्मनिर्भर बनने में मदद की। आज वे अपने अनुभव के आधार पर अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयासरत हैं।
ताम्रकार पटेल मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से निःशुल्क प्रशिक्षण और स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं माननीय मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इस योजना की बदौलत वे आज अपने पैरों पर खड़े हैं तथा अपने और अपने परिवार के आर्थिक जीवन को बेहतर बनाने में योगदान दे रहे हैं।