चक्रवाती तूफान के प्रभाव से जिले में वर्षा और तेज हवाओं की संभावना
अम्बिकापुर, 27 अक्टूबर 2026/ sns/- मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से सरगुजा जिले में आगामी दिनों (विशेषकर 27 से 29 अक्टूबर) में वर्षा एवं तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए उप संचालक कृषि द्वारा जिले के सभी किसान भाईयों और बहनों को अपनी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आपातकालीन सुझाव दिए गए हैं।
खड़ी एवं कटी फसलों के लिए महत्वपूर्ण सलाह-
उन्होंने बताया कि कटाई कार्य तुरंत रोकें, यदि आपकी धान, दलहन या तिलहन की फसल पक चुकी है, तो आने वाले 2 से 4 दिनों तक फसलों की कटाई बिल्कुल न करें। कटी फसल को सुरक्षित करने के लिए जिन किसानों ने फसलों की कटाई कर ली है, वे कटी हुई फसल या खलिहान में रखी उपज को शीघ्र अतिशीघ्र तिरपाल से ढंककर किसी सुरक्षित व ऊंचे स्थान पर ले जाएं। जल निकासी की व्यवस्था के लिए भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए अपने खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए नालियां तुरंत साफ कर लें ताकि खेतों में पानी न भरे। बुवाई का कार्य टालें तथा जो किसान उतेरा फसल के रूप में तिवरा या अलसी की बुवाई करना चाहते हैं, वे अभी कुछ दिनों के लिए इसे रोक दें। रबी फसलों की बुवाई नवंबर के प्रथम सप्ताह से मौसम साफ होने पर ही शुरू करें।
सब्जियों एवं फलदार पौधों का बचाव –
अनिवार्य तेज हवाओं के कारण लता वाली सब्जियों (जैसे करेला, लौकी, कद्दूवर्गीय फसलें) को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए इन्हें बांस या डंडों से सहारा दें। केले के जिन पौधों में फूल या फल आ चुके हैं, उन्हें तेज हवा से टूटने से बचाने के लिए बांस की खप्पचियों का सहारा दें। फूलगोभी, ब्रोकली, चुकन्दर, पछेती खीरा और पछेती करेला आदि रबी सब्जियों की बुवाई का कार्य नवंबर के प्रथम सप्ताह से ही शुरू करें।
पशुधन एवं स्वयं की सुरक्षा-
आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवा को देखते हुए पशुओं को किसी खुले स्थान पर बांधने के बजाय सूखे, पक्के और सुरक्षित छांव वाले स्थान पर रखें। वज्रपात (आकाशीय बिजली) से बचाव के लिए मौसम खराब होने या बिजली चमकने के दौरान पशुओं को चराने बाहर न ले जाएं। ध्यान रखें कि स्वयं या पशु बिजली चमकते समय किसी बड़े पेड़ के नीचे आश्रय न लें।पशुओं के लिए अगले 3-4 दिनों के सूखे चारे और पीने के साफ पानी की व्यवस्था पहले से ही कर लें।