खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए प्रशिक्षण 3 नवम्बर को
राजनांदगांव, 02 नवम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान उपार्जन के सुचारू संचालन एवं प्रभावी निगरानी के लिए 3 नवम्बर 2026 को सुबह 10.30 बजे से गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण में धान खरीदी की आवश्यक तैयारियों, व्यवस्थाओं, निगरानी एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में सुबह 10.30 बजे से धान एवं चावल उपार्जन की निगरानी के लिए व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा कोचिया एवं बिचौलियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए गठित उडऩदस्ता दलों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सुबह 11.30 बजे से धान खरीदी केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं निगरानी तथा दोपहर 12.30 बजे से धान उपार्जन केन्द्रों के वित्तीय दायित्वों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। दोपहर 1 बजे से 1.30 बजे तक अन्य आवश्यक विषयों पर प्रशिक्षण आयोजित होगा।
बैठक सह प्रशिक्षण में सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहकारी संस्थाओं के उप पंजीयक, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, शाखा प्रबंधक, सुपरवाइजर, जिला विपणन अधिकारी, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, धान उपार्जन केन्द्रों के नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक, प्रभारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर, खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, संग्रहण केन्द्र प्रभारी तथा जिला एवं तहसील स्तर के उडऩदस्ता दलों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। जिला विपणन अधिकारी राजनांदगांव को बैठक सह प्रशिक्षण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।