राज्योत्सव में आमजनों को वितरित की गई जनमन मासिक पत्रिका

मुंगेली, 03 नवंबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में भव्य जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। राज्योत्सव में शासन की विकासात्मक उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और जनहितकारी पहलों को आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए।
राज्योत्सव की सशक्त नारी, युवा उड़ान थीम के अनुरूप विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी प्रदर्शित की। इसी क्रम में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में आम नागरिकों को शासन की मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का वितरण किया गया। जनमन पत्रिका के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नीतिगत निर्णयों और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सारगर्भित जानकारी उपलब्ध कराई गई। पत्रिका में प्रकाशित उपयोगी आलेखों और सफलता की कहानियों के माध्यम से आमजन शासन की योजनाओं एवं उनके लाभों से परिचित हुए।

About The Author