जनदर्शन में मानवी को मिली नई उम्मीद,कलेक्टर ने प्रदान की हियरिंग मशीन

बलौदाबाजार, 3 नवंबर 2026/sns/- कलेक्टर जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के साथ ही जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रहा है। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी कड़ी में आज जनदर्शन में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने समाज कल्याण विभाग के सहयोग से मानवी बंजारे को हियरिंग मशीन (श्रवण यंत्र) प्रदान की। मानवी मुखबधिर स्कूल धमतरी में कक्षा 7वीं की छात्रा हैं। वह बचपन से ही सुनने और बोलने में असमर्थ हैं। हियरिंग मशीन मिलने से उन्हें सुनने में सहायता मिलेगी और उनकी पढ़ाई एवं दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।

मानवी के पिता ललित कुमार बंजारे ने इस सहायता के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनदर्शन के माध्यम से उन्हें बहुत मदद मिली है। जरूरतमंदों की सहायता के लिए यह बहुत अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है।

जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

About The Author